ग्राम पंचायत दाबला के गांव दाबला में एक घर में गैस सिलेंडर फटने से रसोई घर राख हो गया। अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि इस घटना में किसी कोई चोटें नहीं आई हैं। मगर करीब एक लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक दाबला गांव में हेमराज की पत्नि यशोधा देवी और पुत्री खाना बना रही थी। तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ।
आग लगने की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान चिंतराम लखनपाल ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचित किया।
मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया। मौके पर मौजूद प्रधान चिंतराम लखनपाल, उपप्रधान देसराज, वार्ड सदस्य संतोषी कुमार और निर्भय धर्माणी ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की है।