बिलासपुर शहर में गणपति विसर्जन यात्रा में भाग लेते श्रद्धालु। संवाद
नौ दिन तक चली कथा और संकीर्तन, श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर के विश्वकर्मा मंदिर में नौ दिन तक चलने वाले गणेश उत्सव का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना में लीन रहे। शोभायात्रा के साथ गणपति बप्पा की प्रतिमा को शहर से होते हुए गोबिंद सागर झील तक ले जाया गया, जहां प्रतिमा को विसर्जित किया गया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बप्पा के प्रति अपनी आस्था और उल्लास का प्रदर्शन किया। शहर के विश्वकर्मा मंदिर में श्री गणेश कथा का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालु हर दिन दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक कथा का श्रवण करते थे। वहीं शाम को भजन संध्या भी होती थी। समिति के प्रवक्ता अनीश ठाकुर ने बताया कि इस दौरान विभिन्न महिला मंडलों द्वारा रात्रि समय में संकीर्तन और भजन किए गए। प्रधान मदन राणा, सचिव संदीप मेहता, अनिल मेहता, कुलभूषण मेहता, विनोद शर्मा, चंदन शर्मा, अमित दत्त सहित कई गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे।