बिलासपुर। उपाध्यक्ष राज्य योजना बोर्ड रमेश धवाला ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि जिला में चल रहे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध पूरा करना सुनिश्चित करें। यह बात उन्होंने विभागों के अधिकारियों के साथ बचत भवन में आयोजित विकास कार्यों में तेजी लाने से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में तीव्रता लाने के लिए लोगों की सहभागिता सुनिश्चित बनाए। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रदेश में बाहर से आए है उनको रोजगार उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि लोगों को प्राथमिकता के आधार पर सुचारु रूप से पेयजल आपूर्ति उपलब्ध करवाना सुनिश्चित बनाएं। जिसके लिए वे ऐसे स्थानों को चिन्ह्ति करें जहां पर पानी की कमी है। ताकि उन स्थानों पर बोरबेल के माध्यम से भी जलापूर्ति उपलब्ध करवाने के प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि जिला में कोविड-19 कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन ने बेहतरीन कार्य किया है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 से निपटने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में पूरी व्यवस्था की गई है। जिसमें वैंटीलेटर, पीपीई कीटें और टैस्टिंग कीटें पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि एचपी कोविड सोलिडिटरी फंड में लगभग 4 करोड़ रुपये दिया गया। जिसमें 3.75 करोड़ रुपये मंदिर न्यास द्वारा दिए गए। उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने कहा कि जो भी दिशानिर्देश उन्हें दिए गए हैं उनकी पूर्ण रूप से अनुपालना की जाएगी। इस अवसर पर विधायक सदर सुभाष ठाकुर, पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा, एडीएम विनय धीमान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दड़ोच, एसडीएम सदर रामेश्वर दास के अतिरिक्त सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।