हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड बिलासपुर का कार्यालय। संवाद
1550 युवाओं को मिलेगा रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण,स्किल डेवलपमेंट संस्था करेगी संचालन
उत्पादन मशीन ऑपरेटर, मेडिकल सेल्स प्रतिनिधि सहित होंगे चार कोर्स
पात्रता के अनुसार 10वीं से लेकर स्नातकोत्तर तक के लिए है रोजगार का अवसर
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला(बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों के लिए निशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट योजना शुरू की गई है। इसके अंतर्गत कुल 1550 उम्मीदवारों को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
योजना की जानकारी देते हुए जिला कामगार कल्याण अधिकारी स्वाति शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण का संचालन लाइफ साइंस स्किल डेवलपमेंट संस्था के माध्यम से किया जाएगा और इसमें वही पंजीकृत श्रमिक अथवा उनके आश्रित पात्र होंगे जिन्होंने पिछले एक वर्ष की अवधि में कम से कम 90 दिन तक भवन या निर्माण कार्य किया हो। उन्होंने बताया कि योजना में वही युवा प्रशिक्षण के लिए पात्र होंगे जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है, इससे कम आयु वाले अभ्यर्थी योजना में भाग नहीं ले सकेंगे। योजना के अंतर्गत उत्पादन मशीन ऑपरेटर गोलियां, कैप्सूल, पैकेजिंग कोर्स के लिए 12वीं पास होना अनिवार्य है और इसमें 550 सीटें रखी गई हैं जबकि मैन्युफैक्चरिंग एवं पैकेजिंग असिस्टेंट फार्मा, बायोलॉजिक्स, मेडिकल डिवाइसेज़ कोर्स के लिए 10वीं पास होना जरूरी है। इसमें 500 सीटें निर्धारित की गई हैं, इसके अतिरिक्त मेडिकल सेल्स प्रतिनिधि कोर्स के लिए स्नातक होना आवश्यक है और इसमें 250 सीटें उपलब्ध हैं वहीं रेगुलेटरी अफेयर्स एवं बौद्धिक संपदा आइवीडी और मेडिकल डिवाइसेज़ कोर्स के लिए बीटेक, बीफार्मा या एमएससी की योग्यता जरूरी है और इसमें भी 250 सीटें निर्धारित की गई हैं। स्वाति शर्मा ने बताया कि यह योजना न केवल युवाओं को व्यावसायिक दक्षता प्रदान करेगी बल्कि उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराएगी और उन्होंने सभी पात्र श्रमिकों एवं उनके आश्रितों से अनुरोध किया है कि अधिक जानकारी के लिए श्रम कल्याण कार्यालय बिलासपुर में संपर्क करें।