बीएमडी जांच भी मुफ्त होगी, घुटनों, कमर, गर्दन व जोड़ों के दर्द से परेशान मरीज उठा सकेंगे लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हड्डियों की कमजोरी, घुटनों और जोड़ों के दर्द से परेशान लोगों के लिए पांवटा साहिब में 31 अक्तूबर को निःशुल्क हड्डी एवं जोड़ रोग जांच शिविर लगाया जाएगा। रोटरी क्लब पांवटा साखी, यमुना करुणा संस्था और पारस हेल्थ पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक डॉ. सबलोक मेडिकल सेंटर, वार्ड नंबर 13, शमशेरपुर में बॉक्स स्ट्रीट के समीप आयोजित होगा। शिविर में बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) जांच भी निःशुल्क होगी।
शिविर में डॉ. रवि गुप्ता और उनकी टीम मरीजों की जांच करेगी। घुटनों, कमर, गर्दन और कंधों में दर्द, गठिया तथा हड्डियों की कमजोरी से परेशान लोग शिविर का लाभ उठा सकेंगे। इसका उद्देश्य लोगों को हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं की जांच की सुविधा उपलब्ध करवाना है। रोटरी क्लब पांवटा साखी के सदस्यों ने लोगों से शिविर में पहुंचकर मुफ्त जांच सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।