घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के बद्धाघाट में अवैध कटान के मामले में डीएफओ बिलासपुर ने बीओ और गार्ड को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में काफी दिनों से खैर का कटान चला हुआ है। इसी आड़ में वन काटुओं ने बद्धाघाट के जंगल से खैर के अवैध रूप से 44 पेड़ काट दिए। इन्हें बद्धाघाट और कपाहड़ा के लगते नाले में छुपा दिया था। इसका पता मंगलवार रात्रि विभाग को लगा। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खैर की लकड़ी को कब्जे में ले लिया।
इस क्षेत्र से 44 पेड़ काटे गए हैं, उस क्षेत्र के बीओ और गार्ड को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि क्षेत्र में आजकल खैर का कटान चला हुआ है। लोग अपनी मलकीयत भूमि में लगे खैर ठेकेदारों को बेच रहे हैं। लेकिन दूसरी तरफ अवैध रूप से खैर कटान का धंधा बेखौफ चला हुआ है। विभाग के आलाधिकारियों को अवैध कटान की सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने एक टीम गठित कर दी है, जो दो दिन में इस मामले में रिपोर्ट डीएफओ को सौंपेंगी।
डीएफओ अवणी भूषण राय ने कहा कि बद्धाघाट में खैर का अवैध कटान हुआ है। लकड़ी को वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। लगभग 44 पेड़ काटने का मामला सामने आया है। विभाग ने टीम गठित कर दी है, जो दो दोन में रिपोर्ट देगी। जिस क्षेत्र में यह अवैध कटान हुआ है उस क्षेत्र के बीओ और गार्ड को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस को सूचित कर दिया है कि अवैध कटान का मामला दर्ज कर लिया जाए। अवैध कटान में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।