स्वारघाट (बिलासपुर)। खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग के गृह जिला बिलासपुर में आटे का सैंपल फेल हुआ है। हालांकि डिपो के आटे के स्टॉक और सिविल सप्लाई गोदाम नयना देवी के सैंपल सही पाए गए हैं। केवल आटे की बोरी के सैंपल सही नहीं पाए गए हैं। इस संबंध में डिपो होल्डर को विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभागीय अधिकारियों की ओर से संबंधित आटा मिल के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के निदेशालय को पत्र लिखा जा रहा है।
विभाग ने सभी डिपो होल्डर को आदेश दे दिए हैं कि अगर उनके पास किसी सामान की खराब खेप पहुंचती है तो उसे उपभोक्ताओं को वितरित न करें। इस संबंध में सारी जिम्मेवारी डिपो होल्डर्स की होगी। विभाग ने बिलासपुर स्थित सिविल सप्लाई के गोदाम से भी आटे के सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे हैं जिनकी रिपोर्ट भी जल्द आ जाएगी। जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति विभाग बिलासपुर बृजेंद्र सिंह पठानिया ने कहा कि आटे की बोरी के सैंपल सही नहीं पाए गए हैं। डिपो के बाकी आटे के स्टॉक और सिविल सप्लाई गोदाम नयना देवी के सैंपल सही पाए गए हैं। संबंधित डिपो होल्डर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और आटा मिल के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए निदेशालय को पत्र लिखा जाएगा।
यह है मामला
पिछले दिनों जिला बिलासपुर के नयनादेवी उपमंडल के चंगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत तरसूह में डिपो से मिले खराब आटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने मौके पर जाकर राशन के डिपो से आटे के स्टॉक और बोरी के आटे के सैंपल लिए थे। इसके साथ ही नयना देवी स्थित सिविल सप्लाई के गोदाम में रखे गए आटे के भी सैंपल लिए थे।