बिलासपुर (रामपुर)। तेज गति से कार चलाने का विरोध करने पर चार लोगों ने एक सभासद समेत चार लोगों को घर में घुसकर मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर चारों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर के मोहल्ला लक्ष्मीनगर निवासी सभासद रमेश कश्यप के भाई जोगेंद्र कश्यप पुत्र केशो सरन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि वह बुधवार की रात करीब 10 बजे अपने मोहल्ले में रोड किनारे खड़े होकर मित्र अरविंद कुमार, रमेश कश्यप, राजकुमार से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान ग्राम खोदलपुर निवासी दानिश पुत्र नजाकत तेज गति से कार लेकर निकला।
उन्होंने दानिश से बस्ती में तेज गति से कार न चलाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। लोगों ने बीच बचाव किया। इसके बाद सभी लोग अपने घर चले गए। आरोप है कि कुछ देर बाद दानिश अपने साथी समद पुत्र बबलू, यमन पुत्र अफसर, वसीम निवासी खोदलपुर को लेकर उनके घर में घुस गया और लाठी डंडों से प्रहार कर जोगेंद्र, सभासद रमेश कश्यप, अरविंद कुमार, राजकुमार को मारपीट कर घायल कर दिया। लोगों की चीख पुकार सुनकर मौके पर तमाम लोग एकत्र हो गए। इस दौरान आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दानिश, समद, यमन, वसीम के खिलाफ धारा 452, 323, 504 के तहत रिपोर्ट की गई है। कोतवाली प्रभारी संजय प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।