-ठेकेदार नहीं उठाता फोन, एक कर्मचारी के पास खाने के पैसे नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जल शक्ति विभाग में आउटसोर्स आधार पर तैनात कुछ कर्मचारियों को आठ महीनों से वेतन नहीं मिला है। इसके लिए इन कर्मचारियों ने उपायुक्त बिलासपुर पंकज राय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि उनका ठेकेदार रविंद्र पटियाल उनका फोन नहीं उठाता है। जल शक्ति विभाग के अधिकारी भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
कर्मचारी उपदेश कुमार, अनिल कुमार, विपिन कुमार और दीपक ठाकुर ने बताया कि वह जल शक्ति विभाग में आउटसोर्स पर कार्यरत हैं। वह चारों चमलोग वाली स्कीम पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें आठ माह से वेतन नहीं मिला है। जब भी ठेकेदार से संपर्क करने की कोशिश करनी चाही तो वह फोन नहीं उठाता है। इसके लिए उन्होंने 1100 नंबर पर भी शिकायत की, लेकिन वहां से भी कोई सहायता नहीं मिली। विभाग के उच्च अधिकारियों को भी कई बाद इसके बारे में अवगत करवाया गया। लेकिन उन्होंने भी ठेकेदार के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की है। चार कर्मचारियों में एक लड़का ऐसा है जिसके माता पिता नहीं है। इस कर्मचारी के पास खाना खाने तक के पैसे नहीं है। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि जल शक्ति विभाग को इसके लिए आदेश करें ताकि उनका वेतन मिल सके।