सदर थाना के दो आरोपियोंं को 6 दिन, स्वारघाट, कोट के दो आरोपी को मिला पांच दिन का रिमांड
-पुलिस ने मंगलवार को अलग-अलग मामलों में पकड़े थे आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। मंगलवार को जिले में पकड़े चार चिट्टा आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने चारों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेजा है। इसमें लखाला और पुलाचड़ से पकड़े गए दो आरोपियों को 20 फरवरी और डियारा में पकड़े गए दो आरोपियों को 21 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस दौरान पुलिस आरोपियों से यह जानने का प्रयास करेगी कि वह चिट्टा कहां से और किससे लाए थे।
बिलासपुर पुलिस ने मंगलवार को तीन चिट्टा मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें पुलिस थाना कोट कहलूर की टीम ने आरोपी मुकेश कुमार निवासी गांव निहाल सेक्टर बिलासपुर को लखाला से 6.36 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। दूसरे मामले में पुलिस थाना स्वारघाट की टीम ने नदीम मोहम्मद निवासी डियारा सेक्टर जिला बिलासपुर को पुलाचड़ 12.71 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं तीसरे मामले में पुलिस ने डियारा में दबिश देकर दो आरोपियों जैद खान निवासी डियारा और नितिन उर्फ तांदी निवासी डियारा को 11.37 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस उप अधीक्षक राजकुमार ने बताया कि आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से इन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। कहा कि आरोपी चिट्टा कहां से लाए थे और किससे इसकी खरीद की थी इसकी पूछताछ रिमांड के दौरान की जाएगी।