थापना में ढाबे के बाहर हुई थी मारपीट, पांचवें आरोपी को तलाश कर रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस थाना स्वारघाट के तहत थापना में ढाबे के बाहर युवक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।
बता दें कि सौरव ठाकुर निवासी गांव व डाकघर कुटैहला तहसील श्री नयना देवी जी ने थाना स्वारघाट में शिकायत दर्ज करवाई है। बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ थापना के पास ढाबे में खाना खाने गया था। इस दौरान कुछ युवकों ने बिना कारण रास्ता रोककर ढाबे के बाहर मारपीट की। मारपीट से सौरव गंभीर रूप से घायल हुआ था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुनील कुमार उर्फ मुरली (27), अनीश मोहम्मद उर्फ जोनू (20), नमन ठाकुर उर्फ काकू (22) और अंशुल ठाकुर (19) को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी नरेश कुमार निवासी दगड़ाहन अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया पांचवें आरोपी की तलाश जारी है। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।