75 साल की आयु पूर्ण कर चुके पेंशनर, उत्कृष्ट कार्य कर रही संस्थाओं को किया जाएगा सम्मानित
-पेंशनर की लंबित मांगों, स्वास्थ्य सुविधाओं, महंगाई राहत पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन शहरी इकाई घुमारवीं की बैठक प्रधान हरी सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पेंशनर ने संगठनात्मक गतिविधियों और उनसे जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक में बीडी. शर्मा, रविंद्र चौहान, हेमराज महाजन, प्यारे लाल शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने पेंशनर की लंबित मांगों, स्वास्थ्य सुविधाओं, महंगाई राहत और अन्य प्रशासनिक विषयों पर ने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि पेंशनर समाज का अनुभवी और सम्मानित वर्ग है, इसलिए उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना चाहिए। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि संघ का स्थापना दिवस 26 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर 75 साल की आयु पूर्ण कर चुके पेंशनर को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, शहरी इकाई घुमारवीं के तहत सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही संस्थाओं को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में कारगिल युद्ध के महान योद्धा और परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार उपस्थित रहेंगे। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस समारोह में प्रदेश स्तर पर गठित दोनों मंचों के प्रधान, उपप्रधान और महासचिव, जिला इकाई के प्रधान, सचिव एवं उपप्रधान और घुमारवीं क्षेत्र के सभी ब्लॉकों के प्रधान, उपप्रधान और सचिवों को भी आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया, उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर पर हरीराम शर्मा, रविंद्र कुमार, लेखराम शर्मा, करतार सिंह, शमशेर सिंह, मदन लाल, प्यारे लाल, प्रेमलाल, मनशा राम, रामपाल, ज्ञान चंद, कालिदास, सुभाष चंद, तीर्थ राम सहित अन्य पेंशनर उपस्थित रहे।