-झंडूता कॉलेज में प्लेसमेंट ड्राइव का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। राजकीय महाविद्यालय झंडूता में सोमवार को कॅरियर काउंसलिंग और प्लेसमेंट सेल की ओर से विद्यार्थियों के लिए एक प्लेसमेंट ड्राइव हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने की।
इसमें मुख्यातिथि के रूप में चंडीगढ़ से जॉब कोच संस्थान में एचआर और मार्केटिंग हेड राजीव नैय्यर, सीआरएम अरिजीत चक्रवर्ती उपस्थित रहे। राजीव नैय्यर ने अपने व्याख्यान से वर्तमान समय की उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने और उन्हें अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए थ्री एस (स्किल, स्पेयर और स्मार्ट वर्क) का सूत्र दिया। वहीं, अरिजीत ने विद्यार्थियों को साक्षात्कार से संबंधित टिप्स दिए। प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से महाविद्यालय के विद्यार्थियों को बैंक इंश्योरेंस, फाइनेंशियल सर्विस, रिटेल, रियल स्टेट, टेलीकॉम, आईटी हार्डवेयर, फार्मा, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय उद्योगों में नौकरी प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया गया और विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया गया। इस दौरान महाविद्यालय के 100 विद्यार्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया। कार्यक्रम में कुछ विद्यार्थियों का चयन जॉब कोच संस्थान द्वारा कर लिया गया है। भविष्य में उन छात्रों को उनकी स्नातक की पढ़ाई पूरी होने के बाद चंडीगढ़ में विभिन्न कंपनियों में प्लेसमेंट के लिए बुलाया जाएगा। इस अवसर पर कॅरियर काउंसलिंग और प्लेसमेंट सेल के संयोजक प्रो. बलवीर चंद, महाविद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग, गैर शिक्षक वर्ग भी उपस्थित रहा।