बिलासपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार विभाग बिलासपुर के अध्यक्ष और पूर्व प्रशासनिक अधिकारी डॉ. केडी लखनपाल ने बिजली की सब्सिडी छोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वे जनवरी से अपने परिवार के नाम पर पंजीकृत सभी बिजली कनेक्शनों पर मिलने वाली सब्सिडी को छोड़ने का फैसला कर चुके हैं। बिलासपुर और अन्य क्षेत्रों में उनके नाम पर 1075 यूनिट बिजली मुफ्त मिल रही थी, जिसकी उन्हें आवश्यकता नहीं है। उन्होंने इस संबंध में संबंधित विभाग को कार्यवाही करने की अपील की है।
उन्होंने 2014 में ही राशन और गैस पर मिलने वाली सब्सिडी छोड़ दी थी। उन्होंने अपने राशन कार्ड और सब्सिडी से जुड़े दस्तावेज सिविल सप्लाई विभाग में जमा करवा दिए थे। डॉ. लखनपाल ने कहा कि देश और प्रदेश की वर्तमान आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है कि वो टैक्सपेयर के पैसे का दुरुपयोग न करें। उन्होंने लोगों को आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी। संवाद