.प्रधान बोलीं, बाधा डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
डेढ़ करोड़ की लागत से पंचायत करवा रही है भवन का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ग्राम पंचायत सोलधा में पंचायत भवन निर्माण को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिना लिखित कार्रवाई के चल रहे कार्य में हस्तक्षेप कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि भवन का निर्माण पंचायत की अपनी भूमि पर हो रहा है, बावजूद इसके कुछ लोगों की शिकायत पर विभाग ने यह कदम उठाया, जो बेहद निंदनीय है।
पंचायत प्रधान सुषमा शर्मा ने बताया कि पंचायत भवन निर्माण के लिए सरकार ने 1.14 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। भूमि पूजन सहित सभी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। इसके बाद भी विभाग का हस्तक्षेप ग्रामीणों की समझ से परे है। ग्रामीणों ने मौके पर सहायक रेंज अधिकारी से पूछा कि आखिर यह कार्रवाई क्यों की गई। इस पर उन्होंने बताया कि उन्हें भी उच्चाधिकारियों के आदेश मिले हैं। प्रधाना ने कहा कि पंचायत भवन का निर्माण हर हाल में पूरा होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी लोग विकास कार्य में बाधा डालने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से ग्रामीणों में गहरा रोष है। उनका कहना है कि जिन लोगों ने शिकायत की है, वे पंचायत की प्रगति नहीं देखना चाहते। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि इस तरह के हस्तक्षेप बंद हों, ताकि पंचायत स्तर पर विकास कार्य सुचारू रूप से पूरे किए जा सकें। इस दौरान पंचायत प्रधान सुषमा शर्मा, ब्रिज लाल, नंदलाल, प्रेम लाल ठाकुर, धर्मपाल, संत राम, जिया लाल, हरि राम, हंस राम, मनोज कुमार, संजीव कुमार, मनीष ठाकुर, नीलम गुप्ता, मेहर चंद, खेम राज, लच्छू राम, कृष्ण लाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कोट
सोलधा पंचायत में वन भूमि पर मशीन से सड़क निकाली गई है और बिना अनुमति के पेड़ काटे गए हैं। जिस पर विभाग ने संज्ञान लिया है। कार्रवाई करते हुए काम बंद कराया गया है और मामले से संबंधित शिकायत पुलिस को दी गई है ताकि इस बारे में एफआईआर दर्ज की जा सके।
नरेंद्र सिंह, आरओ सदर