भदरेट गांव में मौके पर पहुंची टीम, लोगों को किया जागरूक
गांव में लगे सीसीटीवी में देखा गया है तेंदुए का जोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। भराड़ी उपतहसील के तहत मरहाणा पंचायत के भदरेट गांव में तेंदुए की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। रिहायशी क्षेत्र में तेंदुए के देखे जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया और विभागीय कर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंच कर क्षेत्र का विस्तृत दौरा किया। इस दौरान तेंदुए की गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां एकत्रित की गईं और विभिन्न स्थानों पर पैरों के निशानों की गहनता से जांच की गई।
जानकारी के अनुसार भदरेट गांव में तेंदुए का एक जोड़ा घरों के आंगन तक पहुंच गया, जिसकी मौजूदगी वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जैसे ही यह फुटेज सामने आई, गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बन गया। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पशुपालकों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की चहलकदमी से पशुओं और लोगों की सुरक्षा को लेकर आशंका है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभागीय कर्मी आगामी कुछ दिनों तक लगातार क्षेत्र की मॉनिटरिंग करेंगे। दिन और रात समय अलग-अलग स्थानों पर गश्त की जाएगी ताकि तेंदुए की मूवमेंट को ट्रैक किया जा सके। मॉनिटरिंग के बाद स्थिति का आकलन कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। विभाग ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी एडवाइजरी भी जारी कर दी है। विभाग की ओर से ग्रामीणों को एहतियात बरतने की सख्त सलाह दी गई है। विशेष रूप से लोगों से आग्रह किया गया है कि शाम ढलने के बाद बच्चों को अकेले घरों से बाहर न भेजें। इसके अलावा घरों के आसपास और आंगन में रात के समय पर्याप्त रोशनी रखने के लिए लाइटें जलाकर रखने को कहा गया है। फिलहाल वन विभाग की सतर्कता और निगरानी से ग्रामीणों को कुछ राहत मिली है, लेकिन डर का माहौल अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।