घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में अपने पहले दौरे पर आए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भारी जनसभा के बीच घुमारवीं शहर में फुटब्रिज बनाने की घोषणा की थी। लेकिन घोषणा फाइलों में ही दफन हो गई। लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही यह प्रोजेक्ट धरातल पर उतरेगा लेकिन अब राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों ने इससे अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। इस प्रोजेक्ट से जुड़े सारे दस्तावेज लोक निर्माण विभाग को लौटा दिए हैं।
घुमारवी विधानसभा के दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने शहर में तीन फुटब्रिज बनाने की घोषण की थी। जिनमें एक दकड़ी चौक जहां पर भाजपा के कैबिनेट मंत्री व विधायक का आवास है। दूसरा घुमारवीं अस्पताल और तीसरा गांधी चौक के पास बनना तय हुआ था। पहले ये फुटब्रिज नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने बनाना तय किए थे। क्योंकि फुटब्रिज नेशनल हाईवे पर ही बनने थे। लेकिन अब नेशनल हाईवे के अधिकारियों ने अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं और फाइलें लोक निर्माण विभाग घुमारवीं के अधीन कर दी हैं। एनएच अधिकारियों का कहना है कि अब इस प्रोजेक्ट को लोक निर्माण विभाग ही पूरा करेगा।
इन फुटब्रिजों से बनने से जहां शहर में पैदल चलने वाले लोगों को ट्रैफिक से निजात मिलनी थी। वहीं आए दिन होने वाले सड़क हादसों से भी छुटकारा मिलना था। क्षेत्र में हो रही बड़ी-बड़ी घोषणाओं के पूरा न हो पाने से आम जनता को नुकसान हो रहा है तथा संबधित विभाग के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से कनी काट रहे हैं। एनएच के एसडीओ धर्म सिंह वर्मा ने कहा कि जो घुमारवीं शहर में तीन फुटब्रिज बनने थे। वह अब घुमारवीं लोक निर्माण विभाग बनाएगा। संबंधित दस्तावेज उसी विभाग को सौंप दिए गए हैं।