गुरु पूर्णिमा पर कत्थ्यून और घंडीर के मंदिरों में में की पूजा-अर्चना, औषधीय पौधे रोपे
दसलेहड़ा और झबोला पंचायतों में सुनीं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। उनके विचार समानता, मानवता, प्रेम और सामाजिक समरसता पर आधारित हैं तथा व्यक्ति की पहचान उसकी जाति या वर्ग से नहीं, बल्कि उसके कर्म, चरित्र और सेवाभाव से होती है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु रविदास महाराज जयंती वर्ष के तहत चल रहे समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत विधायक ने कत्थ्यून स्थित खबड़ी माता मंदिर, घंडीर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर में औषधीय पौधों का रोपण भी किया। इससे पहले उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत औषधीय पौधे लगाए।
कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने का आह्वान
कटवाल ने भाजपा के कार्यकर्ता संवाद एवं समन्वय अभियान के तहत दसलेहड़ा और झबोला पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की शक्ति ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है और कार्यकर्ताओं की मेहनत उसकी सफलता की आधारशिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और संस्कार की भावना के साथ समाज के बीच कार्य करने का आह्वान किया।
घुमारवीं-बरठीं-शाहतलाई सड़क पर खर्च होंगे 41 करोड़
कटवाल ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से लगभग 41 करोड़ रुपये की लागत से घुमारवीं-बरठीं-शाहतलाई सड़क का कायाकल्प किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति देने के साथ लोगों की आवाजाही को भी अधिक सुगम बनाएगी। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं।