पांच आरोपी तीन दिन की पुलिस रिमांड पर-होटल में बरामद हुआ था 15.85 ग्राम चिट्टा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला मुख्यालय के लखनपुर स्थित होटल में चिट्टा (हेरोइन) बरामदगी के मामले में गिरफ्तार पांचों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सभी आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी।
बता दें कि रविवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर होटल में छापा मारा था, जिसमें 15.85 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। मौके से दो युवतियों और तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान वीरभान निवासी गांव व डाकघर रायपुर सहोड़ा वार्ड जिला ऊना, धीरज कुमार निवासी गांव व डाकघर बाथू तहसील हरोली जिला ऊना और अनुज संधु उर्फ अक्षु निवासी गांव बरसंड डाकघर गेहड़वीं तहसील झंडूता के रूप में हुई है। वहीं दोनों युवतियां एक जिला शिमला और जिला किन्नौर की निवासी हैं। पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी चिट्टा कहां से लाए थे और इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाने की योजना थी। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।