चंदपुर हत्याकांड के आरोपियों को अदालत ने पांच दिन के रिमांड पर भेजा
- हत्या में इस्तेमाल किया दराट मुख्य आरोपी की गोशाला से बरामद
- घर से चोरी किए गहने और नकदी भी मिली
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बरमाणा थाना क्षेत्र के सिकरोहा पंचायत के चंदपुर (भोजपुर) गांव में हुए दंपती हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद नए खुलासे हो रहे हैं। आरोपियों ने पहले गोशाला में बुजुर्ग पति-पत्नी की हत्या की। बाद में घर से लाखों की कीमत के गहने और नकदी लूट ली।
मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दराट को हत्याकांड के मुख्य आरोपी की पशुशाला से बरामद कर लिया है। मुख्य आरोपी के घर से चोरी किए 45 ग्राम सोने और 550 ग्राम चांदी के गहने सहित 7,602 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अपने घर से दराट लेकर गया था। चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले उनका सामना बुजुर्ग दंपती से पशुशाला के पास हुआ, जहां उनकी हत्या कर दी। बाद में आरोपियों ने घर के अंदर अलमारियों, ट्रंक में रखे गहने और नकदी को चोरी किया। बता दें कि रविवार सुबह को चंदपुर गांव में रूपलाल और कमला देवी के शव गोशाला में मिले थे। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मृतकों के पड़ोसी भूराराम सहित सुमन कुमार और मनोज कुमार को गिरफ्तार किया था। सुमन और मनोज चंडीगढ़ से पकड़े गए थे, जबकि भूराराम को शक के आधार पर थाने लाया गया। पूछताछ में उसने वारदात की सारी कहानी पुलिस को बताई। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को अदालत ने पांच दिन के रिमांड पर भेजा है।