प्राचार्य ने विद्यार्थियों को मानवता की सेवा का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर के नर्सिंग कॉलेज में बीएससी ऑनर्स नर्सिंग बैच 2022 के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। एम्स के सभागार में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा, कॉलेज में बिताए यादगार पलों और उपलब्धियों को याद किया गया। साथ ही उन्हें पेशेवर जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम का आयोजन एम्स बिलासपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह के मार्गदर्शन और नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मोनालिजा के नेतृत्व में किया गया। इवोरा-द गोल्डन आवर थीम पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण और नर्सिंग शिक्षा के दौरान संस्थान में उनके योगदान को सराहा गया।
प्राचार्य डॉ. मोनालिजा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना साहस, अच्छे चरित्र और निरंतर प्रयासों के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एम्स बिलासपुर से स्नातक होने वाला यह पहला बैच है। ऐसे में ये विद्यार्थी संस्थान के राजदूत हैं और उनके कार्य व व्यवहार से संस्थान की पहचान बनेगी।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं में करुणा, ईमानदारी और पेशेवर उत्कृष्टता के मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मानवता की सेवा को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया। समारोह विद्यार्थियों के लिए अपनी शैक्षणिक यात्रा की यादों को संजोने और भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए तैयार होने का यादगार अवसर रहा।