- मसौर, नाल्टी, बेकल, कोठीपुरा, तुनु, कल्लर और डियारा समेत कई क्षेत्रों में लगी आग
- पटाखों की चिंगारी से आग लगने की आशंका, दमकल कर्मियों ने दो करोड़ की संपत्ति बचाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर/भराड़ी/गेहड़वीं। दिवाली की रात जिले में आतिशबाजी के बीच कई स्थानों पर आग की घटनाओं ने लोगों की खुशियों में खलल डाल दिया। पटाखों से निकली चिंगारी और अन्य कारणों से मकानों और पशुशालाओं में आग लगने से कई परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। जिले के मसौर, नाल्टी, बेकल, कोठीपुरा, तुनु, कल्लर, डियारा सेक्टर और अन्य क्षेत्रों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में करीब 25 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख होने का अनुमान है। वहीं, अग्निशमन विभाग की टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब दो करोड़ रुपये की संपत्ति को आग की चपेट में आने से बचाया। राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।
दिवाली की रात अलग-अलग क्षेत्रों में आग लगने की सूचनाएं मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार घटनास्थलों की ओर रवाना होती रहीं। कई स्थानों पर आग ने देखते ही देखते पशुशालाओं को अपनी चपेट में ले लिया। इनमें पशुओं के चारे, तूड़ी, घास, लकड़ी और अन्य सामान के साथ भवनों को भी नुकसान पहुंचा। कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में दमकल कर्मियों का सहयोग किया।
मसौर में पांच लाख, नाल्टी में दो लाख का नुकसान
घुमारवीं उपमंडल के मसौर गांव में विद्या सागर की दो मंजिला स्लेटपोश पशुशाला में आतिशबाजी की चिंगारी गिरने से आग लग गई। आग से पशुशाला में रखी घास, करीब 10 क्विंटल तूड़ी, लकड़ी की 104 कड़ियां, लगभग पांच हजार स्लेट, चार दरवाजे, घास काटने की मशीन और बिजली की मोटर सहित अन्य सामान जल गया। इस घटना में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
वहीं, नाल्टी गांव में निर्मला देवी की गोशाला में भी आग लग गई। स्थानीय लोगों और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस घटना में गोशाला को करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में दीपावली के दौरान किसी पटाखे अथवा आतिशबाजी की चिंगारी गिरने से आग लगने की आशंका जताई गई है।
बेकल और हटवाड़ में भी पशुशालाएं जलीं
बेकल गांव में भूपेंद्र सिंह की गोशाला में आग लगने से करीब ढाई लाख रुपये की संपत्ति जल गई। यहां भी पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देहरा हटवाड़ के गांव देहरा में ज्ञान की पशुशाला में भी आग लगने की घटना सामने आई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
कोठीपुरा में चार परिवारों की पशुशाला राख
कोठीपुरा में भी आग की बड़ी घटना सामने आई। यहां मस्तराम, श्रवण कुमार, संजू और जमना देवी की पशुशाला आग की चपेट में आकर राख हो गई। इस घटना में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और करीब 60 लाख रुपये की अन्य संपत्ति को आग की चपेट में आने से बचा लिया। तुनु में पशुशाला में आग लगने से करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ, जबकि अग्निशमन विभाग ने करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचाया। इसी तरह बिलासपुर शहर के डियारा सेक्टर में आग लगने से करीब 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ। यहां भी दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग पर काबू पाकर लगभग 50 लाख रुपये की संपत्ति को बचा लिया।
झंडूता के कल्लर में मकान और पशुशाला में लगी आग
झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत औहर के कल्लर गांव में दिवाली की रात एक मकान में आग लग गई। उप अग्निशमन केंद्र झंडूता को रात 9 बजकर 29 मिनट पर इसकी सूचना मिली। केंद्र से करीब 24 किलोमीटर दूर घटनास्थल पर चार कर्मचारियों की टीम अग्निशमन वाहन लेकर पहुंची। इस घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति जल गई, जबकि टीम ने लगभग 40 लाख रुपये की संपत्ति को आग की चपेट में आने से बचा लिया। इसी गांव में कालीदास और सुभाष की पशुशाला में भी आग लगने की घटना सामने आई। कालीदास के अनुसार दिवाली मनाने के बाद जब वह घर से बाहर निकला तो पशुशाला की छत से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। उसने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान पशुशाला में बंधी दो बकरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। पशुशाला में रखी तूड़ी, घास और इमारती लकड़ी जल गई। नुकसान करीब एक से डेढ़ लाख रुपये आंका गया है। प्रारंभिक तौर पर बिजली के कनेक्शन में शार्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया गया है।
इनसेट
दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से बचा बड़ा हादसा
दीपावली की रात जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं के बीच अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाई। सूचना मिलते ही दमकल वाहन घटनास्थलों के लिए रवाना किए गए। कई स्थानों पर घटनास्थल दूर होने के बावजूद टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य किया। समय रहते आग पर काबू पाने से आसपास के मकानों और अन्य संपत्तियों को इसकी चपेट में आने से बचाया जा सका। खासकर कोठीपुरा, तुनु, डियारा और कल्लर में दमकल विभाग ने लाखों रुपये की संपत्ति बचाई। हालांकि पशुशालाओं के जलने से प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुशालाओं में चारा, घास और कृषि से जुड़ा सामान रखा जाता है। ऐसे में इनका जलना परिवारों के लिए दोहरी परेशानी बन गया है।
दिवाली की रात जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आग लगने की सूचनाएं मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत घटनास्थलों के लिए रवाना की गईं। कर्मचारियों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की। कोठीपुरा में लगी आग को बुझाने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम सुबह करीब चार बजे तक मौके पर जुटी रही। कर्मचारियों की तत्परता से कई स्थानों पर आसपास की संपत्ति को आग की चपेट में आने से बचाया जा सका। सभी टीमों ने पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। -जितेंद्र, प्रभारी, बिलासपुर फायर स्टेशन बिलासपुर