जुखाला(बिलासपुर)। जिले के नम्होल के पँजाइलकलां में गत रात्रि एक दो मंजिला गोशाला में अचानक आग लग गई। आग की इस घटना में करीब दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान आंका गया है। वहीं प्रशासन की ओर से पीड़ित व्यक्ति को फौरी राहत के रूप में 10 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। खबर की पुष्टि तहसीलदार जय गोपाल शर्मा ने की है।
जानकारी के अनुसार शमी कपूर की गोशाला में गत रात को अचानक आग लग गई। जैसे ही आग लगने का पता चला ग्रामीण मौके पर पहुंचे, वहीं फायर ब्रिगेड को भी सूचना भेजी गई। हालांकि लोगों ने और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने मिल कर आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की लेकिन इसके बाद भी गोशाला को बचाया नहीं जा सका।
वहीं राजस्व विभाग की प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि गोशाला के मालिक को करीब दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। हालांकि विभाग की ओर से हल्का पटवारी को जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। हालांकि अभी यही बताया जा रहा है कि आग शॉर्टसर्किट के कारण लगी है। इसके बाद गोशाला में रखे घास आदि के कारण आग एकदम से भड़क गई और पूरी गोशाला जलकर स्वाह हो गई।
तहसीलदार जयगोपाल शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से पीड़ित व्यक्ति को दस हजार रुपये की फौरी राहत जारी कर दी गई है। जबकि हल्का पटवारी को पूरी रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए गए हैं। एएसपी भागमल ठाकुर ने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।