बिलासपुर। घुमारवीं उपमंडल के तहत विभिन्न क्षेत्रों में सब्जी और फलों के मनमाने रेट वसूलने की शिकायतों के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने बाजारों का निरीक्षण किया। जिसके बाद अब काफी हद तक सब्जियों और फलों के दाम सामान्य हुए हैं। वीरवार को दधोल, डंगार, निहारी, घुमारवीं आदि क्षेत्रों में सब्जी और फल लेकर आने वाली गाड़ियों की जांच के लिए निरीक्षक सुबह 6 बजे ही फील्ड में पहुंच गए।
सुबह 6 बजे से ही विभागीय कार्रवाई शुरू हो गई। विभाग की कार्रवाई से सब्जियों और फलों के थोक विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। खाद्य आपूर्ति निरीक्षक विनोद कपिल ने दधोल, डंगार, निहारी और घुमारवीं क्षेत्रों में सप्लाई लेकर आने वाली सब्जी और फलों की गाड़ियों के बिलों की जांच की।
बुधवार को भी खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक विनोद कपिल ने घुमारवीं बाजार में बिना बिल सब्जी और फल बेच रही गाड़ियों को रोककर हजारों रुपये का जुर्माना वसूल किया था। विभागीय कार्रवाई के बाद सब्जी और फलों के दाम कुछ हद तक सामान्य हो गए। घुमारवीं क्षेत्र में विभाग ने जांच के दौरान पाया था कि बाहर से सब्जी और फलों की सप्लाई लेकर आने वाली गाड़ियों के मालिक बिना बिल के सब्जियां दुकानों में दे रहे हैं। इस कारण दुकानदार भी मनमर्जी के दाम वसूल कर रहे हैं। विनोद कपिल ने बताया कि जिलाधीश की ओर से सब्जी और फलों के न्यूनतम और अधिकतम दाम तय किए हैं, लेकिन कुछेक जगहों से मनमाने दाम वसूलने की शिकायतें पहुंच रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए वीरवार को स्थानीय दुकानदारों और बाहर से सब्जी और फल लेकर आने वाली गाड़ियों की जांच की गई। हर गाड़ी के बिल देखे गए और हिदायत दी गई कि बिना बिल के सब्जी और फल न बेचें। उन्होंने कहा कि दुकानदार दुकानों के बाहर रेट लिस्ट जरूर लगाएं और प्रशासन की ओर से तय दामों से अधिक न वसूलें।