बिलासपुर। राज्य कर एवं आबकारी विभाग की बिलासपुर और घुमारवीं की टीम ने बरमाणा में बिना ई-वे बिल पश्चिमी बंगाल का बीड़ी से लदा ट्रक पकड़ा। ट्रक के मालिक से जीएसटी एक्ट के तहत 37.95 लाख का जुर्माना वसूला है। टीम ने बरमाणा में जब ट्रक को रोककर बिल मांगे तो चालक ने एक बिल जिसमें बीड़ी की कीमत 4,20,864 थी वह दिखाया। लेकिन ट्रक में लदी बीड़ी की कीमत कहीं ज्यादा पाई गई। इस पर विभाग ने यह कार्रवाई की।
बिल के मुताबित ट्रक में 274 बैग बीड़ी के लदे दिखाए गए थे। इनकी कीमत 60 रुपये प्रति बैग बताई गई थी। यह गाड़ी पश्चिम बंगाल से मंडी जा रही थी। चालक से अन्य बिलों की जानकारी मांगी तो वह मौके से भाग गया। टीम ने ट्रक को बिलासपुर में विभाग के कार्यालय के बाहर खड़ा कर दिया है। उप आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग मनोज डोगरा ने बताया कि चालक को पकड़ा लिया गया है। उसकी मौजूदगी में गाड़ी में लदी बीड़ी की बोरियों की गिनती की गई। गिनती करने पर ट्रक में 390 बोरियां पाई गईं। बीड़ी के प्रति बैग की कीमत 17170 रुपये पाई गई। पूरे सामान की कीमत 66.96 लाख पाई गई। 28 फीसदी टैक्स और इतना ही जुर्माना लगाया गया है। टैक्स व जुर्माने की राशि 37.50 लाख और बीड़ी पर सीजीसीआर 45 हजार रुपये वसूला गया।