गतवाड़ पंचायत मे मंदिर निर्माण करते समय भूमि खुदाई में मिली शनि देव की मूर्ति
- फोटो : BILASPUR
घुमारवीं (बिलासपुर)। गतवाड़ पंचायत के लेठवीं गांव में बुधवार को मंदिर निर्माण के लिए चल रही नींव की खुदाई के दौरान एक काले रंग बड़ा शिला बरामद हुआ। इसकी सूचना आसपास के इलाकों में भी पहुंच गई। कौतूहलवश मंदिर के आसपास लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। स्थानीय नागरिक ने शिला को शनिदेव का प्रतीकात्मक रूप मानकर निर्माणाधीन मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिविधान से स्थापित किया।
लेठवी गांव के पंडित हेमराज शर्मा इन दिनोें गांव में ही शनिदेव मंदिर का निर्माण कार्य करवा रहे हैं। मजदूरों के अनुसार खुदाई के दौरान बुधवार को जहां से काले रंग की शिला निकली है, उक्त स्थल पर 15 दिन पूर्व में दो सर्प दिखाई दिए थे। इसके बाद भी खुदाई जेसीबी से जारी थी। बुधवार को खुदाई के दौरान एक बड़े काले रंग की शिला दिखाई दी। यह सूचना गांव व आसपास के क्षेत्रों में तेजी से फैल गया। देखते ही देखते वहां पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने विशालकाय पत्थर को शनि देव का प्रतीक माना इसके बाद पंडित हेमराज एवं उनके भांजे रमण ने उसे पूरे शास्त्रोक्त विधि से पूजन-अर्चन कर मंदिर में स्थापित किया गया। पंडित हेमराज शर्मा ने बताया कि उनके बुजुर्ग भी काफी समय से शनि महाराज का पूजन कर रहे हैं और यह प्रथा अब तक चली आ रही है।