उदय एप से होगी ड्रोन की बुकिंग
एक बीघा भूमि के लिए देना होगा 60 रुपये शुल्क
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। किसान अब ड्रोन से खाद का छिड़काव करा सकेंगे। इसके लिए इफ्को की उदय ऐप से छिड़काव के लिए ड्रोन बुक करा सकते हैं। किसान को एक बीघा जमीन पर छिड़काव के लिए मात्र 60 रुपये शुल्क देना होगा।
बुधवार को दधोल में किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इफको के अधिकारी आंशिक शर्मा ने किसानों को बताया कि उनकी उन्नति के लिए कई स्कीमें चलाई जा रही हैं। सहकारी सभा में किसानों के लिए ड्रोन उपलब्ध है। किसान वहां से ड्रोन बुक करवा सकते हैं। इफ्को किसान उदय ऐप से भी खाद छिड़काव के लिए ड्रोन बुक कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इफ्को खाद किसानों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए लगातार काम करती आ रही है। इफ्को ने किसानों के लिए अब तरल खाद्य उपलब्ध करवाई है। इस तरल खाद का प्रयोग करके किसान फसल की बेहतर पैदावार कर सकते हैं। किसानों की सहूलियत के लिए इफको ने दधोल में ड्रोन उपलब्ध करवा दिया है। आंशिक शर्मा ने किसानों को इफको की नैनो यूरिया, नैनो डीएपी और सागरिका खाद के प्रयोग के बारे में किसानों को जानकारी दी।