स्वारा गांव के दंगल में भिड़ते पहलवान। संवाद
-दंगल में 100 से ज्यादा पहलवानों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। उप तहसील भराड़ी के अंतर्गत गाहर पंचायत के स्वारा गांव में रविवार को पारंपरिक दंगल हुआ, जिसमें हिमाचल प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा जैसे राज्यों से करीब 100 पहलवानों ने भाग लिया और अपने दमखम का प्रदर्शन किया। ग्रामीणों और कुश्ती प्रेमियों ने मुकाबलों का खूब लुत्फ उठाया।
दंगल की शुरुआत पारंपरिक तरीके से अखाड़े की पूजा और खूंटी गाड़कर की। दंगल के दौरान बच्चों की कुश्तियों ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। छोटे-छोटे बच्चों ने भी शानदार प्रदर्शन कर तालियां बटोरीं। छोटी माली का फाइनल मुकाबला निशांत (घुमारवीं) और अर्जुन (दिल्ली) के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में निशांत विजयी रहे। उन्हें आयोजकों की ओर से गुर्ज और 5100 नकद राशि भेंट की गई, जबकि उपविजेता अर्जुन को गागर व 4100 की राशि प्रदान की गई। बड़ी माली का फाइनल मुकाबला फरमान (पट्टी) और जय भगवान (हरियाणा) के बीच लड़ा गया। जबरदस्त टक्कर के बाद फरमान पट्टी ने यह मुकाबला अपने नाम किया। उन्हें गुर्ज, चांदी का कंगन और 9100 नकद देकर सम्मानित किया गया। जय भगवान को उपविजेता के रूप में 8100 नकद और गागर भेंट की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पारंपरिक खेल कुश्ती को प्रोत्साहित किया। आयोजकों ने विजेताओं और प्रतिभागी पहलवानों को सम्मानित कर दंगल को यादगार बनाया।