शोभायात्रा और गुगा मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ मेला संपन्न
वॉलीबाल, कबड्डी, रस्साकशी और कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बड़गांव में आयोजित ऐतिहासिक पज्याल जख गुग्गा मेला भारी बारिश के बावजूद मंगलवार को उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ संपन्न हुआ। अंतिम दिन बारिश की परवाह किए बिना ग्रामीणों ने मेले में बढ़-चढ़कर खरीदारी की। समापन समारोह में हिमाचल पथ परिवहन निगम से सेवानिवृत्त निरीक्षक मस्तराम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पंचायत की ओर से उन्हें स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने मेला कमेटी, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में पज्याल जख क्षेत्र को सांस्कृतिक धरोहर और विकास की मिसाल के रूप में स्थापित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मेले और त्योहार हमारी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। गुग्गा मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक खेल वॉलीबाल, कबड्डी, रस्साकशी और कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता करवाई गई। मस्तराम ने पंचायत और मेला कमेटी को 11,000 रुपये की सहयोग राशि भेंट की। इससे पूर्व शोभायात्रा के साथ गुगा मंदिर में पूजा-अर्चना कर विधिवत रूप से मेले का समापन हुआ। इस अवसर पर पंचायत प्रधान निक्कू राम ने मेले की सफलता में योगदान देने पर ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पंचायत समिति के पूर्व उपाध्यक्ष एमएस ठाकुर, पंचायत उप प्रधान रमेश चंद, आंचल चंदेल, करतार सिंह, बालकिशन, वासुदेव ठाकुर, मंसाराम गौतम, विजय सिंह, प्रकाश चंद, शीला देवी, सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।