रिहायशी मकानों को भूस्खलन से खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। श्री नयनादेवी जी क्षेत्र में भूस्खलन से रिहायशी मकानों को खतरा बना हुआ है। मंगलवार को एसडीएम स्वारघाट धर्मपाल क्षेत्र में निरीक्षण पर पहुंचे और लोगों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। कई लोगों के रिहायशी मकानों को भारी क्षति पहुंची है, वहीं सड़कों की हालत भी बेहद खस्ता हो गई है। एसडीएम बारिश के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी टीम के साथ निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने कैंची मोड़, मांड्याली जोल, खरकड़ी, घवांडल, श्री नयनादेवी जी में निरीक्षण किया। कई लोगों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और पेट्रोल पंप भी क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने सड़कों का भी निरीक्षण किया। घवांडल में राजीव कुमार की दुकानों को नुकसान पहुंचा है। एसडीएम ने लोगों को विश्वास दिलाया कि आपदा की घड़ी में प्रदेश सरकार और प्रशासन उनके साथ हैं। जो भी सरकारी मापदंड होंगे, उसके अनुसार उन्हें राहत राशि प्रदान की जाएगी। इस मौके पर तहसीलदार संजीव प्रभाकर, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग अक्षर सिंह चौहान, कनिष्ठ अभियंता राजेंद्र ठाकुर मौजूद रहे।