बिलासपुर कॉलेज के अध्ययन केंद्र में इंडक्शन मीटिंग, जनवरी 2027 सत्र में होंगे नए दाखिले
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर के इग्नू अध्ययन केंद्र में रविवार को नए विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन मीटिंग आयोजित की गई। इसमें करीब 145 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. सुरेंद्र सिंह ने मुख्यातिथि के रूप में विद्यार्थियों को इग्नू की शैक्षणिक व्यवस्था और विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पढ़ाई से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी के लिए विद्यार्थी कॉलेज के प्राध्यापकों से संपर्क कर सकते हैं। इस दौरान असाइनमेंट, परीक्षा, प्रोजेक्ट रिपोर्ट और प्रैक्टिकल से जुड़ी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से समझाया गया।
डॉ. सुरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को मोबाइल के माध्यम से इग्नू की वेबसाइट पर विभिन्न फॉर्म, पहचान पत्र, परीक्षा हॉल टिकट और असाइनमेंट प्रश्नपत्र डाउनलोड व प्रिंट करने की प्रक्रिया भी करके दिखाई।
उन्होंने बताया कि इग्नू में वर्ष में दो बार दाखिले होते हैं। जुलाई 2026 सत्र की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब इच्छुक विद्यार्थी जनवरी 2027 सत्र में दाखिला ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर 2026 से शुरू होने वाली इग्नू परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए हॉल टिकट और पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि किसी भी पाठ्यक्रम की जानकारी लेने के इच्छुक विद्यार्थी राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र 1113 में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर सहायक समन्वयक डॉ. संजीव कुमार और डॉ. मोनिका ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। सुरजीत, जमना देवी, मीना और अनिल सहित अन्य उपस्थित रहे।