चार्ट मेकिंग प्रतियोगिता में निधि ने हासिल किया पहला स्थान
ब्रेनट्री सिटी हाई स्कूल झंडूता में मनाया विश्व हृदय दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विश्व हृदय दिवस और स्वस्थ नारी स्वस्थ परिवार अभियान के तहत ब्रेनट्री सिटी हाई स्कूल झंडूता में कार्यक्रम हुआ, प्रधानाचार्य रचना ठाकुर की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में ह्रदय को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना व्यायाम करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में प्रतियोगिताएं भी कराई गईं, जिसमें भाषण और चार्ट मेकिंग प्रतियोगिता भी कराई गई। भाषण प्रतियोगिता में पंकज पहले, पारुल दूसरे और पलक तीसरे तीसरे स्थान पर रही। चार्ट मेकिंग प्रतियोगिता में निधि पहले, रिद्धिमा दूसरे और कार्तिक तीसरे स्थान पर रहे। स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार ने कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में दिल की सेहत का अपना एक अनमोल स्थान होता है। आज के इस बदलते युग में तनाव, व्यस्त और अस्वस्थ जीवन शैली ने हमारे दिल को कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सीने में दर्द, बेचैनी, सांस फूलना, चक्कर आना, बेहोशी, थकान, अनियमित दिल की धड़कन, उल्टी को मन करना जैसे लक्षण महसूस हो तो उन्हें नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि यह दिवस सबसे पहले 1999 में वर्ल्ड हार्ट फेडरेशन के सहयोग से आयोजित किया गया, ताकि लोगों में हृदय रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। उन्होंने बच्चों को सीपीआर देने का अभ्यास भी कराया। स्वास्थ्य शिक्षक कमल कुमार ने कहा कि स्वस्थ दिल का अर्थ केवल बीमारी से बचना नहीं है बल्कि एक सक्रिय, खुश और ऊर्जा से भरपूर जीवन जीना भी है। रोजाना कम से कम 30 मिनट तेज पैदल चलना, दौड़ना, साइकिलिंग करना, तैराकी करने से दिल को मजबूती मिलती है। भारत में किए गए शोध से यह पता चला है कि नियमित व्यायाम करने से ही हृदय रोग का लगभग 40 प्रतिशत तक खतरा कम हो जाता है। व्यायाम तनाव कम करता है और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करता है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को संतुलित और पौष्टिक आहार लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को 40 साल की उम्र के बाद कम से कम साल में एक दो बार अपने हृदय की जांच करानी चाहिए। व्यक्ति को सात से आठ घंटे नींद लेनी चाहिए। कार्यक्रम में आए हुए सभी लोगों का शुगर, बीपी, एचबी, एचआईवी, टीबी का चेकअप किया गया। इस अवसर पर सीएचओ आकृति, शगुन चंद्र आदि उपस्थित हुए।