संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। झंडूता उपमंडल में लोक निर्माण विभाग के नवनियुक्त अधिशासी अभियंता ज्ञानचंद शर्मा ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता बरसात के मौसम के दौरान क्षेत्र की सड़कों को बेहतर बनाए रखना और लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न होने देना है। ज्ञानचंद शर्मा ने बताया कि बारिश के कारण प्रभावित होने वाली सड़कों का स्वयं निरीक्षण किया जाएगा। जिन मार्गों पर भूस्खलन, गड्ढों या अन्य कारणों से यातायात बाधित होने की आशंका होगी, वहां समय पर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि यदि किसी सड़क पर भूस्खलन, सड़क धंसने या अन्य प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो इसकी सूचना तुरंत लोक निर्माण विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।