-बाला स्कूल के बच्चों ने लोगों को मतदान के लिए लोगों को किया प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाला के विद्यार्थियों की ओर से स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरुकता रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने लोगों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया।
मतदान के लिए जागरुक करने वाले स्लोगन हाथों में लिए विद्यार्थियों ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए नारे लगाए और लोगों से अपील भी की कि वह सभी अपने सारे काम छोड़कर 1 जून को देश की 18वीं लोकसभा के लिए वोट डालने अवश्य जाएं। इस रैली में स्कूल का पूरा स्टाफ भी शामिल हुआ। प्रधानाचार्य धनीराम भाटिया ने भी लोगों से अपील की कि वह 1 जून को कोई आलस न करें और मतदान के अपने अधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान अति आवश्यक है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसमें सबको अपना मतदान करने का अधिकार प्राप्त हुआ है। नोडल अधिकारी अनिल मिन्हास ने भी लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने का आह्वान किया। इस मौके पर हिमांशु, पंकज, सदानंद, अजीत और मनोज सहित अन्य अध्यापक मौजूद रहे।