लोकार्पण और सड़क पासिंग के बावजूद सुविधा अधूरी
मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए आज भी टैक्सी ही सहारा
टैक्सी से महंगा सफर करने को मजबूर कोटधार के लोग
सुभाष कपिल
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के कोटधार इलाके के लोगों को बागछाल पुल के उद्घाटन के 23 माह बाद भी बस सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया है। पुल बनने से दूरी तो कम हो गई, लेकिन परिवहन सुविधा शुरू न होने से लोगों को अपेक्षित राहत नहीं मिल रही। इससे क्षेत्र में लोगों रोष बढ़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार और प्रशासन की बेरुखी के कारण उन्हें आज भी टैक्सी वाहनों में महंगा सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है, जबकि बस संचालन के लिए सड़क की पासिंग भी पूरी हो चुकी है। 16 मार्च 2024 को मुख्यमंत्री ने बागछाल पुल का लोकार्पण किया था। यह पुल कोटधार क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने के उद्देश्य से बनाया गया। इससे पहले वर्ष 2005 में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस पुल के निर्माण का सपना देखा था। करीब दो दशकों में पुल का निर्माण कार्य पूरा हुआ। बागछाल पुल को एशिया के सबसे लंबे सिंगल स्पैन पुलों में से एक माना जाता है। पुल बनने से झंडूता विधानसभा क्षेत्र के लोग अब पंजाब सीमा के काफी नजदीक पहुंच गए हैं। पहले लोगों को जिला मुख्यालय होकर करीब 150 किलोमीटर तक का लंबा सफर तय कर पंजाब की सीमा तक पहुंचना पड़ता था, जबकि अब दूरी आधे से भी कम रह गई है। कोटधार क्षेत्र के लोगों को पहले जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए करीब 70 से 80 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था, लेकिन पुल बनने के बाद यह दूरी भी काफी कम हो गई है। इसके बावजूद बस सेवा शुरू न होने से लोगों को पुल का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन तक पहुंचने के लिए आज भी टैक्सी किराए पर लेते हैं। यदि बस सेवा शुरू हो जाए तो जिला मुख्यालय, एम्स बिलासपुर, शिमला सहित अन्य जिलों और बाहरी राज्यों तक आवागमन आसान हो जाएगा। संवाद
इनसेट
सितंबर 2024 में हो चुकी सड़क की पासिंग
सितंबर 2024 में प्रशासन की ओर से उपमंडल स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति ने थापना से मरोतन तक एचआरटीसी बस से सड़क मार्ग की पासिंग की थी। सभी औपचारिकताएं पूरी तरह संतोषजनक पाई गई थीं। इसके बाद क्षेत्र के लोगों में बस सेवा शुरू होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन डेढ़ वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी बसें नहीं चल पाईं।
इनसेट
लोगों में बढ़ रहा रोष, जल्द बसें चलाने की मांग
क्षेत्र के पूर्व पंचायत समिति सदस्य बलदेव सिंह ठाकुर, नंबरदार जन कल्याण संघ झंडूता के अध्यक्ष सूबेदार श्याम सिंह परमार, देव राज, धनी राम, राज कुमार, रवि सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से जल्द बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि पुल बनने का असली फायदा तभी मिलेगा जब सार्वजनिक परिवहन सुविधा शुरू होगी।
कोट
प्रशासन बोला-समस्या ध्यान में, प्रयास जारी
एसडीएम झंडूता अर्शिया शर्मा ने कहा कि कोटधार इलाके के लोगों की समस्या प्रशासन के ध्यान में है। क्षेत्र में बस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं और संबंधित विभागों से समन्वय किया जा रहा है।