कोबलेशन सिस्टम से मरीजों को मिलेगी तेज रिकवरी और बेहतर इलाज
स्लीप एपनिया और गले के ट्यूमर का इलाज होगा और भी सुरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर मरीजों के लिए राहत की खबर है। संस्थान अपने ईएनटी विभाग में अत्याधुनिक कोबलेशन सिस्टम की सुविधा लेकर आ रहा है। इस नई तकनीक से गले और नाक की सर्जरी अब कम दर्द, न्यूनतम रक्तस्राव और तेज रिकवरी के साथ की जा सकेगी।
पारंपरिक सर्जरी की तुलना में इस तकनीक में शरीर के स्वस्थ ऊतक सुरक्षित रहते हैं। दर्द और रक्तस्राव में कमी होती है। मरीजों को अस्पताल में कम समय रहना पड़ेगा और वे जल्दी घर लौट सकेंगे। सर्जरी बच्चों और बुजुर्गों के लिए सुरक्षित है। टॉन्सिल, एडिनॉइड या खर्राटों जैसी समस्याओं में विशेष लाभ होगा। स्लीप एपनिया और गले के ट्यूमर के इलाज में मरीजों के लिए परिणाम अधिक प्रभावी और सुरक्षित। यह तकनीक विशेष रूप से बच्चों में गले की सर्जरी और बुजुर्गों में खर्राटों के इलाज में बहुत असरदार है। इसके शुरू होने से इस इलाज के लिए मरीजों को बड़े शहरों तक जाने की जरूरत नहीं होगी। बिलासपुर और आसपास के जिलों के लोग हमीरपुर, ऊना, मंडी और सोलन सीधे एम्स में उच्च गुणवत्ता वाली ईएनटी सर्जरी करवा सकेंगे। एम्स प्रशासन का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है। नई तकनीक से इलाज अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप होगा। ईएनटी विशेषज्ञ बताते हैं कि कोबलेशन तकनीक बच्चों में टॉन्सिल और एडिनॉइड की सर्जरी, खर्राटों के इलाज और गले के ट्यूमर में अत्यंत प्रभावशाली है। इसके आने से मरीजों के लिए इलाज का अनुभव अधिक सुरक्षित, कम तनावपूर्ण और गुणवत्तापूर्ण होगा।