नगर परिषद क्षेत्र में स्वरोजगार को दिए 18.30 लाख के ऋण
बिलासपुर नगर परिषद में 110 स्वयं सहायता समूह गठित
शहरी आजीविका मिशन बिलासपुर की टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। नगर परिषद बिलासपुर ने राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत 18.30 लाख रुपये के ऋणों को स्वीकृति दी है। नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया की अध्यक्षता में लीड बैंक मैनेजर यूको बैंक के सहयोग से राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन बिलासपुर की टास्क फोर्स की बैठक हुई।
बैठक में 10 स्वयं सहायता समूहों के लिए 14 लाख रुपये का ऋण और 4 लाख 30 हजार रुपये 3 व्यक्तिगत स्वरोजगार ऋण राशि को स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें व्यक्तिगत और सामूहिक ऋण को राशि आजीविका वर्धन के लिए जैसे फास्ट फूड, रेडीमेड गारमेंट्स, सिलाई बुनाई, छात्राओं को रहने के लिए आवास और फल तथा सब्जियों का व्यापार करने के लिए मंजूर की गई। वालिया ने कहा कि टास्क फोर्स, नगर परिषद बिलासपुर की ओर से विभिन्न बैकों को यह स्वीकृृति पत्र भेजे जाएंगे। इससे शहरी गरीब परिवार कम ब्याज दर पर अपनी आर्थिकी को सुदृढ़ कर सकेंगे।
बैठक में नगर परिषद बिलासपुर की प्रबंधक, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन वंदना लखनपाल ने बताया कि नगर परिषद बिलासपुर में 110 स्वयं सहायता समूह और 10 क्षेत्र स्तरीय संघ गठित किए गए हैं, जो कि विभिन्न आजीविका वर्धन गतिविधियों से जुड़े हैं। इस परियोजना को 12 लाख 20 हजार आवर्ती निधि प्रदान की गई। वर्ष 2019-2020 के गठित समूहों को इसी वर्ष आवर्ती निधि प्रदान की जाएगी। बैठक में एलडीएम यूको बैंक केआर जस्वाल, प्रताप सिंह कौशल, चीफ मैनेजर यूको बैंक एमआर भारद्वाज, स्वरूप शर्मा, मीना देवी सहित कई पदाधिकारियों ने सभी आवेदकों से विस्तारपूर्वक अपने व्यापार और स्वरोजगार को बढ़ाने के लिए बैकों की गतिविधियों से अवगत करवाकर 18.30 लाख की राशि को स्वीकृृति दी गई।