बस्सी में बैठक के बाद भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी व मजदूर।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट(बिलासपुर)। बिलासपुर जल शक्ति विभाग उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत चंगर क्षेत्र की मध्यम उठाऊ सिंचाई परियोजना बस्सी में कार्यरत दर्जनों मजदूरों को पिछले करीब छह माह से वेतन नहीं मिल पाया है जिसके चलते मजदूरों को अपने परिवार का पालन-पोषण करना कठिन हो रहा है।
शनिवार को मजदूरों ने भारतीय मजदूर संघ ब्लॉक स्वारघाट के प्रधान रूपलाल ठाकुर और वरिष्ठ उपप्रधान अवतार सिंह की अध्यक्षता में निरीक्षण भवन बस्सी में बैठक का आयोजन किया और ठेकेदार को एक सप्ताह के भीतर बकाया वेतन देने का समय दिया है। मजदूरों ने चेताया है कि अगर एक सप्ताह में मजदूरों को वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो विभागीय अधिकारियों का घेराव किया जाएगा और कानून के अनुसार अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मजदूरों का कहना है कि ठेकेदार पिछले कई महीनों से मजदूरों का वेतन देने में टालमटोल कर रहा है और आज कल करके जानबूझ कर लटकाया जा रहा है। भामसं के प्रधान रूपलाल ठाकुर ने मजदूरों के शोषण पर कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी कई बार मजदूर विभाग और ठेकेदार से बकाया वेतन देने की मांग कर चुके हैं लेकिन आज दिन तक उन्हें वेतन नहीं दिया गया है। पहले ठेकेदार ने 15 फरवरी तक का समय मांगा था लेकिन 15 फरवरी को भी ठेकेदार ने वेतन नहीं दिया है। वेतन की अदायगी न होने से मजदूरों के सामने अब तो परिवार की रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ऊपर से बढ़ती जा रही महंगाई ने पहले से ही इनकी कमर तोड़ कर रख दी है।
प्रधान रूपलाल ठाकुर ने कहा कि मजदूरों का शोषण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कहा कि ठेकेदार द्वारा श्रम नियमों की भी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं जिसके खिलाफ संघ अब अपनी रणनीति के मुताबिक कार्रवाई करने से भी गुरेज नहीं करेगा। भामसं के नेेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर सात दिन के भीतर मजदूरों को पूरे वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो सभी मजदूर जल शक्ति विभाग के खिलाफ धरने व प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे जिसकी सारी जिम्मेवारी प्रशासन की होगी।