भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल की ग्राम पंचायत हीरापुर के सात वर्ष के बाद भी विद्युत बोर्ड बिजली की वोल्टेज नहीं बढ़ा पाया है। यह आरोप हीरापुर पंचायत के आनंद किशोर जम्वाल ने लगाया है। अब वह बोर्ड के पास जमा करवाई गई राशि को ब्याज सहित वापस लेना चाहते हैं। आनंद किशोर ने बताया कि उन्होंने सात साल पहले मार्च 2016 में अपने घर में विद्युत आपूर्ति के लिए बोर्ड के निर्देशानुसार राशि जमा करवाई थी। मगर कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद भी बोर्ड ने काम नहीं किया है।
पूर्व सैनिक आनंद किशोर जम्वाल ने बताया कि उन्होंने इस बारे में संबंधित अधिकारियों से कई बार आग्रह किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 2016 में उन्होंने विद्युत अनुभाग कंदरौर कार्यालय में कुल 9,220 की राशि भी जमा करवा दी थी। उन्होंने कहा कि जब बोर्ड ने मांग पर कोई भी कार्रवाई नहीं की तो अब वह विद्युत अनुभाग कंदरौर से अपनी जमा की गई राशि ब्याज सहित वापस लेना चाहते हैं।
उन्होंने विभाग के संबंधित अधिकारी, अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता व प्रबंध निदेशक शिमला विद्युत से आग्रह किया है कि वे उनकी उपरोक्त राशि को ब्याज सहित तत्काल वापस करें अन्यथा उन्हें न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा।
उधर, अधिशासी अभियंता घुमारवीं मनोज पुरी ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला नहीं है। इस बारे में तत्काल उचित कार्रवाई करेंगे।