संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। दी मलारी कृषि सेवा सहकारी सभा समिति कत्थयून के प्रबंधक कमेटी सदस्यों की चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है।
चुनाव पंजीयन अधिकारी सभा सचिव नरदेव सिंह ठाकुर ने बताया कि सभा की नई उपविधियों के अनुसार एक शेयर का मूल्य 500 रुपये कर दिया गया है। पूर्ण भाग धन होने पर ही सदस्य चुनाव में भाग ले सकते हैं। सभा सदस्य अपना भाग धन व ऋण दोष 8 नवंबर तक दूर कर सकते हैं। चुनाव के लिए तैयार मतदाता सूचियों पर आपत्तियां दायर करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर है। 12 से 14 नवंबर तक आपत्तियों पर सुनवाई की जाएगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 16 नवंबर को सभा कार्यालय कत्थयून में किया जाएगा। 25 और 26 नवंबर को चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरे जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 27 नवंबर को की जाएगी। नामांकन पत्र वापस लेने और चुनाव चिन्ह के आवंटन की तिथ 10 दिसंबर है। 17 दिसंबर को चुनाव होंगे। इसी दिन मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।