बिलासपुर। हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ बिलासपुर ने प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग से शिक्षकों को शीघ्र पदोन्नति देने की मांग की है। कहा कि लंबे अरसे से मुख्य अध्यापकों, स्कूल प्रवक्ता न्यू, डीपीई और टीजीटी को पदोन्नति नहीं मिली है जोकि सरकार और शिक्षा विभाग की नाकामियों को दर्शाता है।
जिला अध्यक्ष यशवीर रणौत और महासचिव सुनील ठाकुर ने कहा कि शिक्षा विभाग में व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। वर्तमान में मुख्याध्यापकों के लगभग 400 पद खाली चल रहे हैं। स्कूल प्रवक्ता न्यू के लगभग 500 पद और डीपीई के 333 पद खाली हैं। जेबीटी व सीएंडवी से प्रशिक्षित स्नातक अध्यापकों की पदोन्नति लंबे समय से सरकार नहीं कर पाई है। संघ के जिला प्रधान ने कहा कि बहुत से अध्यापक 26 वर्ष से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी मुख्याध्यापक के पद पर पदोन्नति नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही रवैया रहा तो पंचायत चुनावों में सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
जिला अध्यक्ष यशवीर रणौत ने कहा कि 15 दिसंबर 2020 से पहले सरकार शीघ्र पदोन्नतियां करे अन्यथा संघ आंदोलन करने से गुरेज नहीं करेगा। संघ सरकार का घेराव करेगा, जिसका पूरा उत्तरदायित्व सरकार का होगा।
इस मौके पर राजकीय अध्यापक संघ बिलासपुर जिला इकाई के वित्त सचिव मनोज कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरजीत चांदला, उपाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, सुभाष कुमार, मुख्य प्रेस सचिव बाबूराम धीमान, मुख्य सलाहकार सतीश शर्मा, जिला प्रवक्ता कृष्ण ठाकुर, संगठन सचिव रविंद्र कुमार, स्वारघाट शिक्षा खंड के अध्यक्ष चिरंजी लाल, महासचिव अजय नाईक, वित्त सचिव वीरेंद्र ठाकुर मौजूद रहे।