घुमारवीं(बिलासपुर)। हिम आंचल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दधोल में खंड चिकित्सा अधिकारी घुमारवीं डॉ. अभिनीत शर्मा के आदेशानुसार स्कूल के चेयरमैन बलवंत कमल की अध्यक्षता में किशोर स्वास्थ्य दिवस मनाया गया।
इस दिवस पर खंड स्वास्थ्य शिक्षक घुमारवीं सुरेश चंदेल ने स्कूल के बच्चों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक परिवर्तन के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। चंदेल ने कहा कि किशोरावस्था संवेदनशील अवस्था होती है। इस अवस्था में बच्चा अच्छे की तरफ भी जाता है और बुरे की तरफ भी।
उन्होंने कहा कि जो बच्चे अच्छी संगत करते हैं वह उच्च स्थान पर पहुंच जाते हैं और जो बुरी संगत करते हैं वह अपराधी भी बन जाते हैं। ज्यादातर युवा आज बुरी संगत में जाकर नशे के शिकारी हो रहे हैं। चाहे बीड़ी, सिगरेट, शराब, भांग, गुटका, खैनी, चिट्टा, दवाइयों के माध्यम से या इंजेक्शन के माध्यम से नशा करने की बात हो। आज के 85 प्रतिशत से ज्यादा युवा नशे के चपेट में आ गए हैं। नशा करने वाले व्यक्तियों को ज्यादातर मुंह का कैंसर, फेफड़ों का कैंसर, लिवर का कैंसर, हृदय रोग अधिक मात्रा में होता है।
उन्होंने बताया कि जो आये दिन अपराध, बलात्कार, दुर्घटनाएं, चोरियां बढ़ रही हैं वह सब नशे के शिकारी लोग कर रहे हैं क्योंकि नशा करने से उनका दिमाग स्थिर नहीं होता। साथ में चंदेल ने बच्चों को संतुलित आहार लेने की सलाह दी क्योंकि किशोरावस्था में शारीरिक और मानसिक विकास तेजी से होने पर युवाओं को संतुलित भोजन की जरूरत होती है जिसमें विभिन्न प्रकार के पोषक तत्व हो।
इस अवसर पर महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता इंदु शर्मा, स्कूल के अध्यापक देव राज, अश्विनी कुमार, नमता देवी, अंजू, पुष्प लता, भारती देवी, मनीषा, शशी कला, मनोरमा देवी, और आशा कार्यकर्ता नीलम, व्यासा देवी, संध्या, रेखा देवी, रक्षा देवी तथा स्कूल के 70 बच्चे उपस्थित रहे।