बिलासपुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन बिलासपुर महाविद्यालय इकाई की बैठक परिसर अध्यक्ष कंचन ठाकुर की अगुवाई में हुई जिसमें छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के ऊपर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में महासचिव हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस आशीष ठाकुर एवं उपाध्यक्ष भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन हिमाचल प्रदेश अंकुश ठाकुर ने विशेष रूप से उपस्थिति दी और महाविद्यालय की समस्याओं को सुना।
उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा-निर्देश दिए कि महाविद्यालय के अंदर छात्रों की समस्याओं के निदान के लिए कार्यकर्ता दिन रात मेहनत करें। बैठक के पश्चात एक प्रतिनिधिमंडल एसी टू डीसी सिद्धार्थ आचार्य से मिला व उनको अपनी समस्याएं बर्ताईं। सबसे बड़ी समस्या बसों की चल रही है। स्वारघाट क्षेत्र में बसों की कमी के चलते छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है जिससे उनकी पढ़ाई पर विपरीत असर पड़ रहा है। महाविद्यालय के छात्रों ने मुख्यत: बस पास बना रखे हैं पर बसों की कमी के चलते उन्हें निजी बसों में सफर करना पड़ता है। इससे उनके परिवार के ऊपर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि कई बार बस न मिलने की वजह से उन्हें वापस घर को प्रस्थान करना पड़ता है। लंबे रूट पर चलने वाली बसें पहले से ही भरी होती हैं। ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने अपील की है कि स्वारघाट क्षेत्र से सुबह 8 से 8:30 बजे के अंतराल व शाम को 3 से 3:30 बजे के अंतराल में एक अतिरिक्त बस शुरू की जाए ताकि विद्यार्थियों को सुविधा मुहैया हो सके और वो सुचारु रूप से अपनी पढ़ाई चला सकें।
एसी टू डीसी ने समस्याओं को सुना व उनके निदान के लिए भरपूर प्रयास करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर उपाध्यक्ष राघव ठाकुर, महासचिव विजय कुमार, मनीषा, रेशमा देवी, किरण, लता, प्रीति, काजल, रीति, निधि, कुसुम, वेद प्रकाश, अखिल, मनोज, सुभाष व अन्य छात्रों ने भाग लिया।