बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं में सरकार की ओर से जारी की गई एसओपी का पूरा ख्याल रखा जाएगा। परीक्षा केंद्रों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ ही छात्रों की सहूलियत के लिए आसान पेपर बनाने की तैयारियों में बोर्ड प्रबंधन जुट गया है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश कुमार सोनी बिलासपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी का सीधा असर स्कूलों पर पड़ा है और छात्रों को ऑनलाइन क्लास पर निर्भर होना पड़ा। अब 5वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए स्कूल खोल दिए गए हैं। परीक्षाओं में अब बहुत ही कम समय बचा है। ऐसे में छात्रों की सहूलियत को देखते हुए इस बार पेपर में 40 प्रतिशत आसान सवाल, 40 प्रतिशत सामान्य व केवल 20 प्रतिशत ही मुश्किल सवाल शामिल किए जाएंगे, ताकि छात्रों को पास होने में आसानी रहे। इसके साथ ही कोविड-19 को लेकर एसओपी के आधार पर बोर्ड प्रबंधन ने अपनी पूरी तैयारियां कर ली हैं। जहां ज्यादा छात्रों की संख्या है, वहां सोशल डिस्टेंसिंग को बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों की संख्या 2042 से बढ़ाई जा रही है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सेमी बोर्ड की परीक्षा मार्च महीने में आयोजित की जाएंगी। मार्च में ही परीक्षा परिणाम आने के बाद नया सत्र अप्रैल में शुरू हो जाएगा। इसके अलावा बोर्ड की परीक्षाएं अप्रैल से मई तक चलेंगी, जिसका परिणाम 18 जून से पहले घोषित किया जाएगा। ताकि 18 जून से कॉलेज में होने वाले एडमिशन के लिए छात्रों को कोई दिक्कत पेश न आए।