संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। जिले में कुल 252 इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीकरण किया जा चुका है। यह आंकड़े जिले में स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन की दिशा में हो रहे सकारात्मक बदलाव को दर्शाते हैं।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजेश कौशल ने बताया कि पंजीकृत ई-वाहनों में सबसे अधिक एलएमवी कारें 165 हैं। इसके बाद ई-ऑटो 54, ई-टैक्सी 22 और इलेक्ट्रिक गुड्स वाहन 9 दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा जिले में एक ई-मोपेड और एक इलेक्ट्रिक बस का भी पंजीकरण हुआ है। परिवहन विभाग के अनुसार इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या न केवल ईंधन की बचत में सहायक है, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी अहम भूमिका निभा रही है। आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।