बिलासपुर। नगर परिषद बिलासपुर ने हैजर्ड वेस्ट कंपाउंड डस्टबिन की शुरूआत कर दी है। जिसमें बिलासपुर शहर में तीन जगह पर ट्रायल के तौर पर डस्टबिन रखे गए हैं। इन डस्टबिन को तीन सेक्शन में बांटा गया है। जिसमें एक सेक्शन में पेंट के खाली डिब्बे डाले जाएंगे। वहीं दूसरे सेक्शन में कीटनाशक खतरनाक दवाइयों के डिब्बे व तीसरे सेक्शन में इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट वस्तुएं डाली जाएंगी। वहीं डियारा सेक्टर में पहला डस्टबिन रखा गया है।
बिलासपुर शहर को कूड़ा मुक्त करने के लिए नगर परिषद ने विशेष मुहिम शुरू की है। नप ने शहर में हैजर्ड वेस्ट कंपाउंड डस्टबिन लगाना शुरू कर दिया है। इन डस्टबिन में जमा इलेक्ट्रॉनिक कचरा वेस्ट रिसाइकल कंपनियों में बद्दी भेजा जाएगा। नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि पहला डस्टबिन डियारा सेक्टर में रखा गया है। इन डस्टबिन को रखने का मकसद है कि लोग अपने घरों में रखे पेंट के खाली डिब्बे, कीटनाशक खतरनाक दवाइयों के डिब्बे व इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट वस्तुएं इन डस्टबिन में डाल सकते हैं। ट्रायल के लिए बिलासपुर शहर में तीन जगह पर डस्टबिन लगाए गए हैं। पहला डस्टबिन डियारा सेक्टर, दूसरा रौड़ा सेक्टर व तीसरा चंपा पार्क के सामने लगाया जाएगा। जब यह डस्टबिन पूरी तरह भर जाएंगे, तब इस कचरे पूरी तरह से रिसाइकल किया जाएगा। वहीं इस कचरे को रिसाइकल करने का काम लाइसेंस बेस्ड कंपनियों को ही दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिस कार्य के लिए यह डस्टबिन लगाए जा रहे हैं। अगर उन्हें इसमें सफलता प्राप्त होती है तो ऐसे ही शहर में और डस्टबिन लगाए जाएंगे।