श्री नयना देवी जी में दर्शनों के लिए पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
व्यापारियों के चेहरे हुए मायूस, कारोबार में आई कमी
बाहरी राज्यों से पहुंचे हैं 90 प्रतिशत श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी(बिलासपुर)। उत्तर भारत की प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार कमी आ रही है। पंजाब में आई बाढ़ का असर श्रद्धालुओं की संख्या पर पड़ा है। रविवार को छुट्टी के चलते भी बहुत कम संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे हैं।
छुट्टी के दिन मंदिर में करीब 40 हजार से 50 हजार श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचते हैं, लेकिन बारिश और पंजाब में बाढ़ के चलते बहुत कम संख्या में श्रद्धालु रविवार को मंदिर पहुंचे। पिछले एक माह से श्रद्धालुओं की तादाद इतनी ज्यादा कम हो गई कि व्यापारियों के भी चेहरे मुरझाए हुए हैं। श्रद्धालु तीन-चार लाइन तक सिमट कर रह गए, अन्यथा शाम 6:00 बजे तक श्रद्धालुओं की लाइन मुख्य द्वार के बाहर तक होती थी, लेकिन इस रविवार को नयनादेवी मंदिर का नजारा इसके बिल्कुल विपरीत था। रविवार को चंद्र ग्रहण के मद्देनजर दोपहर को मध्यान्ह आरती आधा घंटा पूर्व 11:45 बजे कर दी गई।
मुख्य पुजारी अमित कुमार शर्मा ने बताया कि चंद्र ग्रहण के दृष्टिगत मध्यान्ह आरती आधा घंटे पहले ही कर दी गई। शयन आरती जिसका समय 9:30 बजे का होता है वह भी 9:00 बजे कर दी गई। श्रद्धालुओं की आमद कम होने के कारण मंदिर के चढ़ावे पर भी इसका असर हो रहा है। करीब 90 प्रतिशत श्रद्धालु बाहरी राज्यों से मंदिर पहुंचते हैं। हरियाणा, दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश से आने वाले श्रद्धालु भी पंजाब होते हुए ही यहां पहुंचते हैं। पंजाब में आई बाढ़ को मुख्य कारण माना जा रहा है।
श्री नयना देवी जी में दर्शनों के लिए पहुंचे श्रद्धालु। संवाद