केमरी की नहर में कोहरे के कारण गिरा ट्रैक्टर। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BILASPUR
केमरी/बिलासपुर। रोड किनारे टेलीफोन के केबल डालने का काम करने वाला एक युवक ट्रैक्टर लेकर आ रहा था। केमरी की पीलाखार डैम के पास घने कोहरे के कारण सामने से आ रहे वाहन से बचने के चलते ट्रैक्टर को पीछे करते वक्त ट्रैक्टर नहर में गिर गया। जिसके कारण दो लोग घायल हो गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पीएम को भेज दिया।
केमरी थाना क्षेत्र में रोड किनारे टेलीफोन विभाग द्वारा केबल डालने का कार्य किया जा रहा है। जिसमें मध्य प्रदेश निवासी श्री निवास (26) ट्रैक्टर चलाने का कार्य करता है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की देर रात श्री निवास ट्रैक्टर लेकर रामपुर की ओर से केमरी आ रहा था। ट्रैक्टर पर दो अन्य श्रमिक भी सवार थे। रामपुर रोड पर पीलाखार डैम के पास सामने से कोई वाहन आ गया। पुल सकरा होने के कारण चालक ने ट्रैक्टर को वहीं रोक लिया और पीछे करने लगा। इस दौरान घना कोहरा होने की वजह से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में गिर गया। हादसे में दोनों श्रमिक घायल हालत में ही रात के अंधेरे में ही भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को मृत हालत में बाहर निकाला। पुलिस का कहना है कि घायल श्रमिकों के नाम व पते नहीं मिल पा रहे हैं। मृतक के परिजनों को फोन नंबर के आधार पर सूचना भेज दी गई है।