-दुकानदार मुनाफे के लिए घरेलू सिलिंडर का उपयोग कर विभाग को लगा रहे चूना
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विधानसभा क्षेत्र झंडूता के झंडूता, बरठीं, कलोल, भडोलियां, सुन्हाणी, तलाई, मरोतन सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की कई दुकानों और चाय की दुकानों में व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की बजाय घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग धड़ल्ले से हो रहा है, लेकिन संबंधित विभाग दुकानदारों पर कार्रवाई करने की बजाय आंखें मूंदकर बैठा है।
क्षेत्र की दुकानों में अधिकतर दुकानदारों ने अपने व्यावसायिक सिलिंडर मात्र दिखावे के लिए रखे हैं। उनको किनारे रखकर घरेलू सिलिंडर उपयोग में लाए जा रहे हैं। जिले में घरेलू गैस सिलिंडर के दाम 947 रुपये 50 पैसे निर्धारित हैं। इसका वजन 14 किलो 200 ग्राम होता है। वहीं, व्यावसायिक गैस सिलिंडर के दाम 1932 रुपये 50 पैसे हैं। इसमें 19 किलो गैस होती है। व्यावसायिक गैस सिलिंडर में गैस करीब 102 रुपये प्रति किलो की दर से दुकानदारों को मिलती है। वहीं पर घरेलू उपभोक्ता को यह गैस 67 से 68 रुपये प्रति किलो की दर से मिलती है। इस पर उपभोक्ता को 32 रुपये के करीब सब्सिडी भी मिल रही है। अधिकतर दुकानदार मुनाफे के लिए घरेलू सिलिंडर का उपयोग करके सरकार एवं विभाग को चूना लगा रहे हैं। जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी ब्रिजेंद्र पठानिया ने बताया कि दिवाली के समय विभाग ने झंडूता व घुमारवीं में कार्रवाई करते हुए कुछ सिलिंडर भी जब्त किए थे। क्षेत्र के तैनात कर्मचारियों को आगे भी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।