बाजार में अचानक बढ़ी इंडक्शन चूल्हों की मांग
कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की किल्लत से कारोबार प्रभावित
होटल ढाबा संचालकों की बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब गैस सिलिंडर बुकिंग के 45 दिन बाद मिल पाएगा। पहले ही घरेलू गैस सिलिंडर लगभग 25 दिनों के बाद मिल रहा था, लेकिन अब प्रतीक्षा अवधि बढ़ने से लोगों की चिंताएं और बढ़ गई हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर परेशानी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में घरेलू सिलिंडर के लिए 25 दिन का समय तय था।
बाजार में भी इसका असर साफ दिखाई देने लगा है। संभावित गैस संकट को देखते हुए लोग इंडक्शन चूल्हों की खरीदारी करने लगे हैं। व्यापारियों के अनुसार पहले एक महीने में मुश्किल से पांच इंडक्शन चूल्हे बिकते थे, जबकि अब एक ही दिन में चार से लेकर पांच चूल्हे खरीदने के लिए लोग प्रतिदिन दुकानों पर पहुंच रहे है। शहर में कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की किल्लत ने होटल, ढाबा और अन्य छोटे-बड़े कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित गैस एजेंसियों से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं और कारोबारियों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में रसोई गैस की किल्लत और बढ़ सकती है।
उधर, नम्होल गैस एजेंसी के प्रभारी प्रदीप ठाकुर ने बताया कि गैस सिलिंडर की सप्लाई कम होने पर अब ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब 45 दिन के बाद सिलिंडर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बाकी उपभोक्ताओं की बुकिंग के अनुसार घरेलू सिलिंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है।
इनसेट
बिलासपुर के व्यापारी विनीत ने बताया कि गैस सिलिंडरों की कमी को देखते हुए इंडक्शन चूल्हों की मांग बढ़ गई है। उनका कहना है कि इससे पहले महीने में पांच चूल्हे लोग खरीदने के लिए आते थे, लेकिन अब चार से लेकर पांच इंडक्शन चूल्हा प्रति दिन लोग ले रहे हैं।
बिलासपुर में ढाबा मालिक पृथ्वी राज ने बताया कि कॉमर्शियल गैस सिलिंडर न मिलने से उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें पड़ोसियों से सिलिंडर लेना पड़ रहा है। प्रशासन और सरकार से मांग की है कि कॉमर्शियल गैस सिलिंडर उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द उपलब्ध करवाया जाए, ताकि व्यापारियों को परेशानी न हो।
बिलासपुर स्थित गैस एजेंसी। संवाद- फोटो : नारखी के बछगांव में घर में लगी आग में जला फ्रीज। संवाद
बिलासपुर स्थित गैस एजेंसी। संवाद- फोटो : नारखी के बछगांव में घर में लगी आग में जला फ्रीज। संवाद